बड़ी सफलता: पौड़ी पुलिस ने पकड़े ₹18 लाख के चांदी के जेवर, चोरी के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार


चिरमिरी/पौड़ी | एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिला पुलिस को चोरी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पौड़ी पुलिस ने न केवल प्रार्थी के घर से चोरी हुआ सामान बरामद किया, बल्कि सर्चिंग के दौरान लावारिस हालत में मिले ₹18 लाख मूल्य के 16 किलो चांदी के जेवर भी जप्त किए हैं।बीते 3 फरवरी 2026 को प्रार्थी सौरभ सरकार ने थाना पौड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, लैपटॉप और मोबाइल पार कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक व CSP चिरमिरी श्रीमती दीपिका मिंज के दिशा-निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा
थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर केराडोल बस्ती में दबिश दी। पुलिस को देखकर भाग रहे राजिम बंसल (18 वर्ष) और दो अन्य नाबालिगों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की बात कबूल की।
आरोपियों के पास से बरामद सामग्री:
02 लैपटॉप एवं 04 मोबाइल फोन
02 सूटकेस और 03 पीतल की थालियाँ
सोने-चांदी के जेवर (कीमत लगभग ₹5 लाख)
कार्रवाई के दौरान जब पुलिस टीम केराडोल साजा पहाड़ मुख्य मार्ग के पास सर्चिंग कर रही थी, तभी निरीक्षक विवेक पाटले और उनकी टीम (एएसआई कमलेश पाण्डेय, पूरन रजवाड़े, आरक्षक अशोक मलिक व प्रदीप पाण्डेय) को पुरानी साड़ी में लिपटी एक भारी पोटली मिली।
पोटली खोलने पर उसमें 16 किलोग्राम नए चांदी के जेवर (करधन, पायल, कंगन, चूड़ियाँ आदि) बरामद हुए। बाजार में इनकी कीमत 18 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने धारा 106 BNSS के तहत इन जेवरों को जप्त कर लिया है।
इतनी बड़ी मात्रा में कीमती जेवरों की बरामदगी और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी पर एसपी रत्ना सिंह ने पौड़ी पुलिस और साइबर सेल की टीम की जमकर सराहना की है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि भारी मात्रा में मिले ये चांदी के जेवर कहां से आए और इनका कनेक्शन किस गिरोह से है।




